जर्जर सड़कों पर जख्मी होते लोग, सांसद नहीं कर रहे निधि का उपयोग, आज तक नहीं दिया एक भी प्रस्ताव

हाथरस। 4 जून को अनूप प्रधान सांसद चुने गए थे। उन्होंने 247318 वोटों से जीत दर्ज की थी। चुनाव के दौरान लोगों ने उन्हें तमाम समस्याओं से अवगत कराया गया था। उन्होंने भी जीतने के बाद वायदे पूरे करने की बात कही थी। उनके जीतने के बाद लोगों को भी आस लगी कि उनकी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। हाथरस सांसद का कार्यकाल 100 दिन का हो गया है। जनता उम्मीदें लगाए बैठी थी कि उसे जर्जर सड़कों से निजात मिलेगी।


कीचड़ वाले रास्ते साफ सुधरे होंगे। लेकिन यहां तो सांसद निधि खर्च ही नहीं हो पाई है। 4.90 करोड़ रुपये यूं ही धरे रह गए। अभी तक एक सड़क का भी प्रस्ताव नहीं गया है। अगर हाथरस जिले की बात करें तो 65 सड़कें इस समय जर्जर हाल में हैं। यह संख्या तो उन मार्गों की है जो लोकनिर्माण विभाग और नगर निकायों द्वारा सूचीबद्ध की गईं हैं। इस समय सबसे ज्यादा इन्हीं जर्जर सड़कों से लोग परेशान हैं। लेकिन जनप्रतिनिधि खामोश हैं। लोगों को अच्छी सड़कें तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, हाथरस सांसद अनूप प्रधान। 

पब्लिक की मांग...सड़कों का कराओ निर्माण

  • जिले के 65 संपर्क मार्गों की हालत खराब है और निर्माण का इंतजार
  • मोहनगंज पर गोल चक्कर के निर्माण की मांग
  • नगला भुस और रुहेरी बाईपास पर यात्री टिनशेड निर्माण की मांग

सीडीओ का कहना

हाथरस। साहित्य प्रकाश मिश्र, सीडीओ का कहना है कि प्रस्तावों को ऑनलाइन फीड किया जाता है। कुछ प्रस्तावों का जिक्र किया था, अभी पोर्टल पर फीड करने की प्रकिया चल रही होगी। प्राक्कलन तैयार कराकर फाइनल होता है। फिलहाल प्रस्ताव कोई सामने नहीं आया है।

 सांसद, हाथरस का कहना

हाथरस। अनूप प्रधान, सांसद, हाथरस का कहना है कि निधि से छोटे-छोटे कार्य कराना संभव नहीं होता है। पुल के कार्य के लिए सिंचाई विभाग और बड़ी सड़क निर्माण के लिए लोनिवि को पत्राचार किया जाता है। निधि से विकास कराने को लेकर पोर्टल पर प्रस्ताव फीड कराए हैं,इसमें समय लग जाता है। क्षेत्र में विकास के लिए लगातार प्रयासरत हूं।


Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने